उन्नाव को कल 358 करोड़ की सौगात देंगे सीएम योगी:69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को उन्नाव का दौरा करेंगे। वह जिले को 358 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 17 परियोजनाओं का लोकार्पण और 52 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम बिछिया ब्लॉक के डीह स्थित भौनीखेड़ा में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री 139.86 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 17 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, संपर्क मार्ग और विभागीय भवन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में 127.04 करोड़ रुपये की पांच बड़ी परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। इनमें दोस्तीनगर बाईपास निर्माण, मंधना-गंगाबैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पंडितखेड़ा से आंट संपर्क मार्ग निर्माण, राज्य कर विभाग के मंडलीय कार्यालय भवन का निर्माण और बरबट नहर पुल पर क्षतिग्रस्त आर्च सेतु का पुनर्निर्माण प्रमुख हैं। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 1.38 करोड़ रुपये की लागत से पनहन से पुरन्दरपुर मार्ग और नौगंवा से सलारपुर मार्ग का लोकार्पण होगा। वहीं, पुरवा विधानसभा क्षेत्र में 11.44 करोड़ रुपये लागत वाली 10 परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी। मुख्यमंत्री 218.27 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 52 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क संपर्क, ग्रामीण सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है। नई परियोजनाओं में सदर विधानसभा क्षेत्र की 38.07 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाएं शामिल हैं। पुरवा विधानसभा क्षेत्र में 125.64 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं और भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 54.56 करोड़ रुपये की 21 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी संगठन सक्रिय है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, हेलीपैड, पार्किंग, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले रास्तों, पार्किंग स्थलों और मंच क्षेत्र की सुरक्षा के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हेलीपैड, वीआईपी आवागमन मार्ग और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और लोगों को विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *