श्रावस्ती में किशोर पर तेंदुए का हमला:आधे घंटे तक लड़ता रहा किशोर, एक आंख नोंची, तेंदुए की हुई मौत


श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक तेंदुए के हमले से 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद वन विभाग के मुताबिक रेस्क्यू किए गए तेंदुए की भी मौत हो गई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। यह घटना विभूति नाथ मंदिर गेट के पास हुई। जहां बीते मंगलवार कुथनी साईं पुरवा निवासी 17 वर्षीय गुलाम फेरी लगाकर बच्चों के लिए खाने-पीने की चीजें बेचने गया था, वह फेरी समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठी एक मादा तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोर करीब आधे घंटे तक तेंदुए से खुद को बचाने के लिए संघर्ष करता रहा। इस दौरान उसके हाथों और दाईं आंख के पास गहरे जख्म आ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ किशोर को छोड़कर कुछ दूरी पर खेत में जाकर गिर गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तेंदुए को रेस्क्यू किया गया। हालांकि, कुछ समय बाद तेंदुए की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेंदुए की उम्र लगभग तीन वर्ष थी और उसके शव को पूर्वी सोहेलवा रेंज कार्यालय भेजा गया है।
इस संबंध में श्रावस्ती के डीएफओ गौरव गर्ग ने बताया कि तेंदुआ मादा था और युवावस्था में था। उसके शरीर पर फंगल इन्फेक्शन भी पाया गया है, जिसकी वजह से उसके आक्रामक होने की आशंका है। तेंदुए की मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल लेकर बरेली लैब भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। गौरतलब है कि सिरसिया क्षेत्र में पहले भी तेंदुओं के आबादी वाले इलाकों में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं। वन विभाग लगातार ग्रामीणों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील करता रहा है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। ऐसे मे इस क्षेत्र मे रहने वाले लोगों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *