![]()
बागपत के बड़ौत में 9 जून को हुए चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड के फरार आरोपी भीमसेन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और बाइक बरामद की है। गौरतलब है कि 9 जून को बड़ौत क्षेत्र में व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी अपने साथी भीमसेन के साथ वहां पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के दौरान हुई फायरिंग में आरोपी वरुण लुहारी भी घायल हो गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी भीमसेन वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में भीमसेन के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। कार्रवाई में बड़ौत कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि पिता-पुत्र हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
Source link
व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:बागपत में 25 हजार रुपए का इनामी के दोनों पैरों में लगी गोली