![]()
सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बेचने और परिवहन करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 किलो 145 ग्राम अवैध गांजा और नकद रुपए बरामद किए गए हैं। वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि दोस्तपुर क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध गांजा बेचा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-निरीक्षक जगदीश सिंह ने अपनी टीम के साथ चेकिंग और सुराग लगाने का काम शुरू किया। टीम में हेड कांस्टेबल दीपक कुमार पटेल, कांस्टेबल अमित सिंह यादव, अवनीश कुमार और लोकेश प्रजापति शामिल थे। मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 155 के पास, खालिसपुर दुर्गा अंडरपास के नीचे दबिश दी। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान सत्य नारायण पाल पुत्र सीताराम, निवासी करैथा गोसरपुर, थाना दोस्तपुर, और अशोक कुमार निषाद पुत्र स्व. अम्मर, निवासी उस्मापुर तारापुर, थाना मालीपुर, अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि अभियुक्त सत्य नारायण पाल ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले करीब 7-8 साल से दोस्तपुर चौराहे के पास भांग का ठेका चलाता था। भांग का ठेका बंद होने के बाद, उसने अपने पुराने सहयोगी अशोक कुमार निषाद के साथ मिलकर गांव के पास ही जमीन पर छिपकर अवैध गांजा बेचने का धंधा शुरू कर दिया। वे आने-जाने वाले लोगों को उनकी मांग के अनुसार 50 रुपये, 100 रुपये और 200 रुपये की पुड़िया बनाकर गांजा बेचते थे। ग्राहकों से नगद के साथ-साथ पेटीएम के माध्यम से भी पैसे लिए जा रहे थे। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 2.145 किलोग्राम गांजा, 2300 रुपये नगद (बिक्री के पैसे), एक मोबाइल फोन (जिसमें पेटीएम नंबर संचालित था) और एक पेटीएम क्यूआर कोड मय माइक बरामद किया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की अग्रिम विवेचना उप-निरीक्षक भवानी प्रसाद मिश्रा को सौंपी गई है।
Source link
सरकारी ठेके की आड़ में गांजे का कारोबार:सुलतानपुर में 2 गिरफ्तार; एक आरोपी अम्बेडकर नगर का, पेटीएम से लेते थे पैसे