Barabanki Liquor Shop Theft | Cash, Liquor, LCD Stolen; CCTV Catches Thieves

सरफराज वारसी | बाराबंकी4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक देशी शराब की दुकान को निशाना बनाया है। सूरतगंज-महादेवा मार्ग स्थित रानीगंज भट्ठा चौराहे पर सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी, देशी शराब और एक एलसीडी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

लाइसेंसधारी प्रमिला सिंह की यह देशी शराब की दुकान रानीगंज भट्ठा चौराहे पर संचालित है। दुकान के सेल्समैन संतोष के अनुसार, चोरों ने सोमवार की बिक्री के लगभग 90 हजार रुपये, कैंटीन के 25 हजार रुपये और करीब 30 हजार रुपये की रेजगारी (खुले पैसे) चुराए। कुल मिलाकर लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी हुई है।

चोरों ने देर रात करीब तीन बजे दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने गल्ले में रखी नकदी, देशी शराब और एक एलसीडी चुराई और फरार हो गए। हालांकि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान पर लगे बाहरी सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी थी, लेकिन दुकान के अंदर लगे एक कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। सूचना मिलने पर लाइसेंसधारी के पार्टनर उमा सिंह मौके पर पहुंचे।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह और चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में चोर मुंह पर गमछा बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है।

पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही, आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *