![]()
मुजफ्फरनगर में शाहपुर पुलिस ने सोमवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद ₹15 हजार के इनामी बदमाश तैय्यब उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली निवासी तैय्यब वाहन चोरी का शातिर अपराधी है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में वांछित था। बुढ़ाना के सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शाहपुर थाना पुलिस खतौली-शाहपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी चांदपुर मार्ग की ओर मुड़ गया और कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
बाइक गिरने के बाद आरोपी गन्ने के खेत में घुस गया और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस ने खेत को चारों ओर से घेर लिया और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी तैय्यब उर्फ छोटू पुत्र साबुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तैय्यब पर गाजियाबाद, दिल्ली, बिजनौर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में चोरी, वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह बुढ़ाना थाना क्षेत्र के एक गंभीर मामले में लंबे समय से वांछित था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था। घायल तैय्यब को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Source link
मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में15 हजार का इनामी घायल:वाहन चोर ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली