फिरोजाबाद में ईको खाई में गिरी, तीन गंभीर घायल:8 श्रद्धालु गंगा स्नान से लौट रहे थे, चालक को झपकी से हादसा


फिरोजाबाद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ईको कार सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, आगरा जनपद के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव भोगपुरा निवासी श्रद्धालु सौंरो गंगा स्नान कर ईको वाहन से वापस लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे नगला सिंघी थाना क्षेत्र में गार्डन कंपोजिट शराब ठेके के पास चालक को झपकी आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
ईको चालक राम हरी पुत्र कालीचरण ने बताया कि वाहन में कुल 8 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दुर्घटना में राम हरी पुत्र कालीचरण (चालक), पूरन सिंह पुत्र विधाराम और सौमोती पत्नी सोरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *