श्रावस्ती में अज्ञात वाहन की टक्कर से बालक की मौत:देर रात्रि जलाभिषेक के लिए जा रहा था, इलाज के दौरान तोड़ा दम


श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 11 वर्षीय देवांश की आज मौत हो गई। कटरा-वीरपुर मार्ग पर हुए इस हादसे में घायल देवांश ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो परिवार में शोक का माहौल छा गया। दरअसल मलपुरवा अमारेभरिया निवासी देवांश रविवार देर रात अपनी बुआ के बेटे सुमित (निवासी जोगिया कला, बलरामपुर) के साथ साइकिल से जा रहा था। वे गोंडा जनपद के खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए निकले थे।
बरगदही मोड़ के पास सुमित लघुशंका के लिए रुका, जबकि देवांश साइकिल के पास खड़ा था। इसी दौरान वीरपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने देवांश को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल देवांश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच में इलाज के दौरान देवांश ने आज दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक देवांश अपने तीन भाइयों में मंझला था। उसके बड़े भाई का नाम दीपांशु (14 वर्ष) और छोटे भाई का नाम अभय (10 वर्ष) है। देवांश की मां का पहले ही निधन हो चुका है, और उसके पिता खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। यह हादसा देवांश के घर से करीब पांच किलोमीटर दूर हुआ था। पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *