विधायक निधि के वितरण में भी भेदभाव किया जा रहा:सपा नेता प्रतिपक्ष बोले- राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण, उच्च जांच हो


बलरामपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर विपक्ष के साथ भेदभाव करने तथा विकास कार्यों में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विपक्ष के सांसद और विधायक हैं, वहां विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है। माता प्रसाद पाण्डेय सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव द्वारा पचपेड़वा क्षेत्र के गणेशपुर बाजार में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने बलरामपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विपक्ष से इतनी भयभीत है कि उसे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने की भी अनुमति नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि यदि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाया जाएगा तो लोकतंत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा।
नेता विपक्ष ने आरोप लगाया कि विधायक निधि के वितरण में भी भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायकों को जहां 5 करोड़ रुपये की निधि मिलती है, वहीं विपक्षी विधायकों को केवल 1 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि इन वर्षों में बेरोजगारी कम नहीं हुई, युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का लाभ आम जनता के बजाय चुनिंदा उद्योगपतियों को मिला है।
माता प्रसाद पाण्डेय ने अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा उन्होंने विदेश नीति के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा हार्मोज क्षेत्र में किए गए हमले में तीन भारतीयों की मौत के मामले में केंद्र सरकार को मजबूत और स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए था। धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *