![]()
रेलवे स्टेशनों पर बिजली की अनावश्यक खपत रोकने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने एक नया डिजिटल कदम उठाया है। मंडल ने ‘आईआर नियंत्रक’ नामक एक विशेष ऐप विकसित किया है, जिसकी मदद से स्टेशन परिसर में लगे बिजली उपकरणों की निगरानी और संचालन अब एक ही प्लेटफॉर्म से किया जा सकेगा। इस परियोजना के तहत लखनऊ जंक्शन सहित 18 स्टेशनों पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से यह प्रणाली स्थापित की जाएगी। अब कंट्रोल रूम से होगी बिजली उपकरणों की निगरानी रेलवे स्टेशनों पर अब तक बिजली उपकरणों का रखरखाव और संचालन मैनुअल तरीके से किया जाता रहा है। इसके लिए फील्ड स्टाफ रजिस्टर में विवरण दर्ज करता है, लेकिन कई बार पंखे, लाइटें और एयर कंडीशनर जरूरत न होने पर भी चालू रह जाते हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत होती है। नई प्रणाली लागू होने के बाद रेलवे प्रशासन को एक क्लिक पर यह जानकारी मिल सकेगी कि कौन-सा उपकरण चालू है, बंद है या कहीं बिजली आपूर्ति बाधित तो नहीं हुई है। ऐप के जरिए दूर से होगा संचालन नई व्यवस्था में कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मचारी ऐप के माध्यम से स्टेशन पर लगे बिजली उपकरणों को दूर से ही नियंत्रित कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर पंखे, लाइटें और एसी को चालू या बंद किया जा सकेगा। इससे न केवल बिजली की बचत होगी बल्कि उपकरणों के संचालन में भी पारदर्शिता और दक्षता आएगी। रियल टाइम मॉनीटरिंग की सुविधा रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ऐप सेंसर आधारित तकनीक पर काम करेगा। स्टेशन परिसर में लगे विभिन्न उपकरणों को सेंसर से जोड़ा जाएगा और पूरी प्रणाली को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) के क्लाउड आधारित केंद्रीकृत सर्वर से लिंक किया जाएगा। इससे सभी उपकरणों की रियल टाइम मॉनीटरिंग संभव होगी। साथ ही ऐप एक क्लिक पर विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार कर सकेगा। पहले चरण में इन स्टेशनों पर होगा लागू परियोजना के पहले चरण में लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे स्टेशनों पर इस प्रणाली को लागू किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के अन्य स्टेशनों तक इसका विस्तार किया जाएगा। ऊर्जा संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ मंडल लगातार नई तकनीकों को अपनाने पर काम कर रहा है। इसी उद्देश्य से यह ऐप विकसित किया गया है, जिससे बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
Source link
लखनऊ जंक्शन में लागू होगी स्मार्ट मॉनीटरिंग प्रणाली:17 अन्य स्टेशन भी होंगे स्मार्ट, ऊर्जा बचाने के लिए नया ऐप तैयार