संतकबीरनगर में युवक की कुआनो नदी में डूबकर मौत:धनघटा क्षेत्र में मुखलिसपुर पुल के पास हुआ हादसा


संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र में कुआनो नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रविवार को प्रजापतिपुर गांव के समीप मुखलिसपुर पुल के पास हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बहोरिया कला गांव निवासी 21 वर्षीय सत्येंद्र पुत्र रघुवर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सत्येंद्र किसी काम से धनघटा क्षेत्र आया था। काम खत्म होने के बाद वह वापस लौट रहा था। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्येंद्र प्रजापतिपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया था और उनके साथ ही नदी में स्नान करने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सत्येंद्र ने मुखलिसपुर पुल के पास कुआनो नदी में स्नान करने का मन बनाया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था और पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *