![]()
बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव स्थित दांडी तुला धाम पर रविवार को एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लखनऊ जनपद के महिंगवा थाना क्षेत्र के मुसफरी गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित पुत्र अजय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोहित रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपने साथियों के साथ दांडी तुला धाम पर नहाने के लिए निकला था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही रोहित पानी में समा गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद उसके साथ आए दो युवक मौके से फरार हो गए। घटना के समय मंदिर परिसर में राम नाम संकीर्तन चल रहा था। वहां मौजूद लोगों ने रोहित को डूबते देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रोहित का शव तालाब से बाहर निकाला गया। रोहित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना से उसके परिवार में मातम छा गया है। घटना की सूचना पर एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम चौरसिया तथा थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोग तालाब के आसपास एकत्र हो गए। थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बाराबंकी में युवक की तालाब में डूबने से मौत:दांडी तुला धाम पर हादसा, लखनऊ से दोस्तों के साथ आया था