![]()
आगरा-कासगंज मार्ग पर हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद उन्नाव में भी स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार सिंह ने सख्ती बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसके तहत 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिले भर में विशेष सघन अभियान चलाया जाएगा। वाहनों की कड़ी जांच और कार्रवाई अभियान के दौरान स्कूल बसों, वैन और अन्य निजी वाहनों की जांच की जाएगी, जिनका उपयोग बच्चों के परिवहन में किया जा रहा है। बिना परमिट, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहनों को सीज करने और चालान की भी कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ संजीव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि कई बार स्कूल संचालक और वाहन मालिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डाल देते हैं। इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान अभियान के तहत वाहनों में स्पीड गवर्नर, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास द्वार, जीपीएस और सीसीटीवी जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया गया हो। सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखें तथा चालक और परिचालक का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। अभिभावकों से अपील परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल मानक पूरे करने वाले वाहनों से ही स्कूल भेजें और किसी भी अनियमितता की सूचना विभाग को दें। एआरटीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले में संचालित सभी स्कूली वाहन सुरक्षित और नियमों के अनुरूप हों, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
Source link
आगरा-कासगंज हादसे के बाद उन्नाव में ARTO सख्त:स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच का विशेष अभियान चलेगा