![]()
गोंडा में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल द्वारा लगाए गए पौधे सूखने पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। मंत्री ने डीएफओ गोंडा अनुराग प्रियदर्शी को फटकार लगाते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने इस घटना को ‘पेड़ की हत्या’ बताया। यह मामला 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम से जुड़ा है। मंत्री आशीष पटेल ने तिर्रेमनोरमा पारासराय में पौधे लगाए थे और वन विभाग को उन्हें जीवित रखने के निर्देश दिए थे। हालांकि, उनके रोपित पौधे सूख गए। राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने मौके पर सूख चुके पौधों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें कार्रवाई की मांग की गई थी। यह वीडियो मंत्री आशीष पटेल तक पहुंचने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पौधों को फिर से जीवित करने का प्रयास शुरू किया। रविवार को गोंडा पहुंचे मंत्री आशीष पटेल ने इस पूरी घटना पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि केवल पौधों को जीवित करने से काम नहीं चलेगा। मंत्री ने डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी को फटकार लगाते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मंत्री पटेल ने कहा, हमने जिस दिन पेड़ लगाया था, हमने कहा था कि पेड़ लगाना केवल हमारा मकसद नहीं, बल्कि उसे जीवित रखना भी हमारा उद्देश्य है। लेकिन एक तरीके से हमारे द्वारा लगाए गए पेड़ की हत्या हुई है। उन्होंने आगे कहा कि पेड़ की ‘हत्या’ में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने इस मुद्दे को उठाने वाले राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय को धन्यवाद दिया। शिवम पांडेय ने कहा कि मंत्री ने उनके उठाए गए मुद्दे का संज्ञान लिया है और यह स्वीकार किया है कि वास्तव में पेड़ सूख गए थे और उनकी ‘हत्या’ हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
Source link
मंत्री के लगाए पौधे सूखे, डीएफओ को लगाई फटकार:दोषियों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश, कहा- यह पेड़ की हत्या है