![]()
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर तहसील क्षेत्र में रविवार को एक संविदा लाइनमैन बिजली लाइन की मरम्मत करते समय खंभे से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सेफ्टी बेल्ट टूटने के कारण हुआ, जिसके बाद उसे कानपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, विद्युत उपकेंद्र बिंदकी में कार्यरत संविदा कर्मी दीपू पुत्र धर्मपाल सिंह, निवासी बरेठर बिक्रमपुर, गंगौली सिकटठनपुर क्षेत्र में खराब विद्युत लाइन ठीक करने गए थे। दोपहर के समय करीब एक बजे वह बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी सेफ्टी बेल्ट टूट गई और संतुलन बिगड़ने से वह कई फीट ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते ही लाइनमैन दर्द से कराह उठे। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल कर्मी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। उपभोक्ताओं को परेशानी हादसे की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी ली। घायल लाइनमैन के साथ अवर अभियंता (जेई) कानपुर रवाना हो गए। इस घटना के कारण गंगौली सिकटठनपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अवर अभियंता ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विभाग वैकल्पिक व्यवस्था कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रहा है और शाम तक विद्युत व्यवस्था सामान्य करने की पूरी कोशिश की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर बिजली कर्मियों के जोखिम भरे कार्यों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीषण गर्मी और विपरीत परिस्थितियों में जान जोखिम में डालकर काम करने वाले कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Source link
फतेहपुर में लाइनमैन खंभे से गिरा, गंभीर घायल:सेफ्टी बेल्ट टूटने से हादसा, कानपुर रेफर