![]()
फर्रुखाबाद के कमालगंज विकासखंड के बलीपुर गांव में शनिवार रात आयोजित रात्रि चौपाल में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराना है। उन्होंने अधिकारियों से गांव स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों तक बिना किसी भेदभाव और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने सात गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई और पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। इसके अलावा 12 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल को स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण किया। यहां ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मंत्री ने ग्रामीणों से स्वच्छता, शिक्षा, पौधरोपण और गांव के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने बनाया नया कीर्तिमान रात्रि चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक कार्य करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के विकास, गरीब कल्याण और जनहित के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल हुई हैं। मंत्री ने कहा कि चौपालों का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है या किसी प्रकार की समस्या आ रही है, तो उसका समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले पूर्व प्रधानमंत्री यह कहते थे कि सरकार द्वारा भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लाभार्थी तक पहुंचते हैं, जबकि आज आधुनिक तकनीक और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के कारण पूरा एक रुपया सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है। इससे सरकार के लाखों-करोड़ों रुपये की बचत भी हुई है और पारदर्शिता बढ़ी है। सभी योजनाओं से संतृप्त होगा बलीपुर गांव जिलाधिकारी ने चौपाल में कहा कि बलीपुर गांव को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। रात्रि चौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम देर रात तक चला और ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा।
Source link
पहले खाते में पहुंचते थे 15 पैसे-प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह:बोले- अब 1 रुपए सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा, बलीपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन