मोबाइल चार्जर लगाते समय विवाहिता की मौत:इटावा में हादसा, पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी महिला


इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम मंगूपुरा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए चार्जर का प्लग बिजली बोर्ड में लगाते समय करंट की चपेट में आने से मायके में रह रही एक विवाहिता की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्राम मंगूपुरा निवासी श्याम सिंह ने बताया कि उनकी 30 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी की शादी जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अजबपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के चलते लक्ष्मी अपने मायके आकर रह रही थी। शनिवार शाम करीब चार बजे लक्ष्मी घर में मोबाइल चार्जर लगाने के लिए बिजली बोर्ड के पास गई थी। जैसे ही उसने चार्जर का प्लग बोर्ड में लगाया, तभी अचानक बिजली का करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गई। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में लक्ष्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया। मृतका के पिता श्याम सिंह ने बताया कि लक्ष्मी का एक छोटा बेटा शिवांश है। हादसे के बाद मां गीता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *