अम्बेडकरनगर में ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर चोरी:लाखों के आभूषण और सामान लेकर चोर फरार, पुलिस जांच में जुटी


अंबेडकरनगर के जलालपुर थाना क्षेत्र के पंथीपुर बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अरई निवासी मुकेश सोनी की पंथीपुर बाजार में बालाजी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। मुकेश सोनी ने बताया कि वह बुधवार शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों समेत करीब एक लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का टूटा ताला और खुला शटर देखा तो इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मौके पर पहुंचकर मुकेश सोनी ने दुकान की जांच की, जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की। सूचना पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष जलालपुर ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस टीम चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *