महोबा में श्रम मंत्री मन्नू कोरी का मोबाइल हैक:हैकर्स ने चरखारी विधानसभा के विधायक बृजभूषण राजपूत से भी 45000 रुपए की मांगे, पुलिस जांच में जुटी


उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी का मोबाइल फोन महोबा में हैक हो गया। हैकर्स ने उनके व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट का इस्तेमाल कर करीबियों से पैसों की मांग की। मंत्री ने इस संबंध में महोबा और ललितपुर के साइबर थानों में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। यह घटना महोबा में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद सामने आई। मंत्री कोरी, जो जिले के प्रभारी भी हैं, इस कार्यक्रम में शामिल थे और विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। हैकर ने चरखारी विधानसभा के विधायक बृजभूषण राजपूत से भी 45000 रुपए की मांगे। साइबर अपराधियों ने मंत्री के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट के माध्यम से उनके संपर्कों को फर्जी संदेश भेजे गए, जिनमें मंत्री के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। धोखाधड़ी का अहसास होते ही मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने महोबा और ललितपुर के साइबर थानों में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों जिलों की पुलिस और साइबर टीमें सक्रिय हो गई हैं। लोगों को ठगी से बचाने के लिए मंत्री मन्नू कोरी और उनके पुत्र चंद्रशेखर पंथ ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक चेतावनी पोस्ट साझा की है। उन्होंने अपील की है कि उनके दोनों नंबर और व्हाट्सएप हैक हो चुके हैं, इसलिए यदि किसी को भी पैसों की मांग का कोई संदेश मिलता है, तो वे सतर्क रहें और सीधे पुलिस अधीक्षक को सूचित करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *