![]()
मथुरा में शुक्रवार देर रात आए आंधी-तूफान और बारिश का असर शनिवार को भी देखने को मिला। जिले के कई इलाकों में 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई कॉलोनियां अंधेरे में डूबी रहीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार देर रात तेज हवाओं और बारिश ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर बिजली की लाइनें टूट गईं, जबकि दो दर्जन से अधिक विद्युत पोल गिरने की सूचना है। इसके चलते जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रातभर अंधेरे में रहे लोग बिजली गुल होने से लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। गर्मी और उमस के बीच पंखे, कूलर और एसी बंद हो जाने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जबकि मोबाइल फोन और अन्य जरूरी उपकरण चार्ज न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम तक भी कई मोहल्लों और कॉलोनियों में बिजली नहीं पहुंच सकी थी। लंबे कटौती के कारण इनवर्टर और बैटरियां भी जवाब दे गईं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। मरम्मत में जुटीं विभागीय टीमें विद्युत विभाग की टीमें रात से ही फॉल्ट ढूंढने और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में लगी हुई हैं। हालांकि व्यापक नुकसान के कारण व्यवस्था सामान्य करने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जहां-जहां पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है। सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा बिजली संकट को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जाहिर की। कई उपभोक्ताओं ने लंबे समय तक बिजली न आने की शिकायत करते हुए विभाग से जल्द राहत देने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों की बिजली कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है।
Source link
मथुरा में 24 घंटे बाद भी नहीं लौटी बिजली:आंधी-तूफान में गिरे दो दर्जन से ज्यादा पोल, उमस में लोग बेहाल