![]()
औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ शनिवार को चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने यहां कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ 350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं और प्रमुख कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मंत्री नंदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में चित्रकूट में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने जिले की प्रमुख परियोजनाओं का जिक्र करते हुए यमुना नदी पर महिला घाट के निर्माण, पुलिस लाइन में हॉस्टल बैरक, नए सर्किट हाउस भवन के निर्माण, हवाई पट्टी विस्तारीकरण परियोजना और सिंचाई से जुड़ी नहर योजनाओं को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक के बाद मंत्री नंदी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और अस्पताल की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री नंदी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर भी पलटवार किया। अखिलेश यादव ने कुछ दिन पहले एक विभाग कम होने को लेकर बयान दिया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री नंदी ने कहा, “अब उनका राजनीतिक अंत आ गया है। वह कुछ भी बयानबाजी करते रहेंगे, लेकिन जनता उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रह गया है। मंत्री नंदी ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और यही जनता का विश्वास मजबूत कर रहा है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता भी मौजूद रहे।
Source link
मंत्री नंदी का अखिलेश पर पलटवार:राजनीतिक अंत आ गया, जनता बहकावे में नहीं आएगी