सपा विधायक पर शपथ पत्र में जानकारी छिपाने का आरोप:पूर्व विधायक शैलेश कुमार ने राकेश कुमार यादव की सदस्यता रद्द करने की मांग की


बलरामपुर के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह उर्फ शैलू ने सपा विधायक राकेश कुमार यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है। नगर स्थित यूपीटी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह आरोप लगाए। पूर्व विधायक शैलेश कुमार ने दावा किया कि वर्ष 2024 के गैसड़ी विधानसभा उपचुनाव में राकेश यादव द्वारा निर्वाचन आयोग को दिए गए शपथपत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई गईं। उनके अनुसार, विधायक ने अपनी पैतृक एवं स्वयं अर्जित संपत्तियों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भूमिका, ईंट-भट्ठों और अन्य व्यावसायिक हिस्सेदारी, आय के स्रोतों तथा कथित रूप से लंबित मामलों का पूरा विवरण शपथपत्र में नहीं दिया। जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। शैलू ने निर्वाचन आयोग, राजस्व विभाग, माध्यमिक शिक्षा परिषद और आयकर विभाग से संबंधित अभिलेखों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सड़क निर्माण के मुद्दे को भी उठाया। उनका कहना था कि जूडीकुइयां से जैतापुर मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन सड़क एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में अनियमितताएं हुईं और सड़क किनारे लगी ईंटें तक बेच दी गईं। शैलेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में विधायक बनने के बाद उन्होंने इस मामले को प्रशासन के समक्ष उठाया था, जिसके बाद संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने सड़क को दूसरे विभाग में स्थानांतरित कराने और विशेष मरम्मत के लिए लगभग चार करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाने का प्रयास भी किया। उन्होंने कहा कि बाद में जूडीकुइयां-जैतापुर और पचपेड़वा-चंदनपुर मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए बड़े बजट का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिल सकी। पूर्व विधायक ने शपथपत्र और सड़क निर्माण से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, सपा विधायक राकेश कुमार यादव ने पूर्व विधायक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं और उनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *