![]()
दिल्ली में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम खराब होने से हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान संचालन बाधित हो गया। इसके चलते विभिन्न शहरों से दिल्ली जा रही 8 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को उनके गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में देर रात मौसम बिगड़ने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कई विमानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन उड़ानों को निकटवर्ती हवाई अड्डों की ओर मोड़ा गया, जिनमें से आठ उड़ानें लखनऊ पहुंचीं। डेढ़ से पौने दो घंटे की देरी से दोबारा टेकऑफ डायवर्ट की गई उड़ानों में सबसे पहले एयर इंडिया की आंध्र प्रदेश से दिल्ली जा रही उड़ान एआई-2904 रात 12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। इसमें 156 यात्री सवार थे। मौसम सामान्य होने पर इसे रात 1:42 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इसके बाद अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-932 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें 230 यात्री थे। यह उड़ान रात 1:52 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। ज्यादातर फ्लाइट रात 12 बजे के बाद आईं इसी क्रम में एयर इंडिया एक्सप्रेस की पटना-दिल्ली उड़ान आईएक्स-1029 रात 12:32 बजे, एयर इंडिया की उड़ीसा-दिल्ली उड़ान एआई-1847 रात 12:59 बजे और इंडिगो की मंगलौर-दिल्ली उड़ान 6ई-6457 रात 1:06 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं। मौसम में सुधार के बाद इन विमानों को भी दिल्ली भेजा गया। कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की उड़ान केसी-963 रात 1:12 बजे तथा नासिक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6636 रात 1:20 बजे लखनऊ में उतरीं। इसके अतिरिक्त, स्पाइसजेट की पटना-दिल्ली उड़ान एसजी-2478 को भी रात 1:37 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया था। दिल्ली में मौसम सुधरने के बाद सभी उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया और यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए सफलतापूर्वक रवाना कर दिया गया।
Source link
दिल्ली की 8 उड़ानें लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट:खराब मौसम के कारण उतरीं, बाद में गंतव्य रवाना हुईं