फर्रुखाबाद में लगातार 3 दिन से बारिश:गर्मी से मिली राहत, गलियों और सड़कों पर जलभराव


फर्रुखाबाद में पिछले तीन दिनों से रात के समय लगातार हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। शनिवार तड़के करीब 3 बजे से सुबह 6:30 बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान तेज हवाएं चलीं और आसमान में बिजली भी चमकती रही। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार सुबह तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन में इसके 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जिले में लगातार हो रही बारिश से वातावरण में ठंडक बनी हुई है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश किसानों के लिए भी लाभदायक साबित हो सकती है। विशेष रूप से मक्का की फसल को इसका फायदा मिलेगा। वहीं धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों के लिए भी यह बारिश उपयोगी मानी जा रही है, क्योंकि इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी। बारिश शुरू होते ही सुरक्षा के मद्देनजर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित कर दी गई। हालांकि मौसम साफ होने के बाद आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। गलियों और सड़कों पर भरा पानी लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। सिटी पब्लिक स्कूल वाली गली और केशव नगर जाने वाले मार्ग पर गंदा पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियां चोक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल परिसर में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। वहीं फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर 6 नंबर क्रॉसिंग के पास नाला चोक होने से सड़क पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी, लेकिन जलभराव वाले क्षेत्रों में परेशानी बढ़ सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *