![]()
वाराणसी में 8 से 10 जून तक पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने वाले 6 शिक्षकों को DIOS भाेलेंद्र प्रताप सिंह ने नोटिस जारी किया है। जून महीने का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
.
DIOS भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भर्ती परीक्षाओं के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 6 शिक्षकों ने अवकाश अथवा मुख्यालय से बाहर जाने की अनुमति लिए बिना निर्धारित परीक्षा ड्यूटी नहीं की। इसे शासन के निर्देशों की अवहेलना माना गया है।
लिखित में DIOS ने मांगा है स्पष्टीकरण
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी न करने के कारण संबंधित शिक्षकों का जून 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के संबंध में अपना लिखित स्पष्टीकरण तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है उनमें गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापक मृदुला राय, मृदुला नौटियाल और राहुल गोस्वामी, श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की सहायक अध्यापक संध्या, नवयुग विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक सर्वेश पांडेय और जिला पंचायत कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक हेमा का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।