![]()
रामपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई। विकास भवन सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने की। इसमें अधिकारियों, बैंक प्रबंधकों और वेंडर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी पूरन सिंह ने योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत निजी आवासों पर 1 किलोवाट से 10 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जा रहे हैं। पात्र लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती है। जनपद रामपुर में अब तक 7,616 सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 11,958 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर महीने लगभग 997 संयंत्रों की स्थापना सुनिश्चित करनी होगी। योजना को गति देने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों और वेंडर का चयन कर चुके आवेदकों की सूची तुरंत उपलब्ध कराएं। उन्होंने सोलर संयंत्रों की स्थापना गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करने और अनुबंध के अनुसार अगले 5 सालों तक उनके रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने पर भी जोर दिया। बैंक प्रबंधकों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वेंडर्स को बैंक और विद्युत विभाग में लंबित फाइलों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके और संयंत्र स्थापना में तेजी आए। बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत, एलडीएम बैंक ऑफ बड़ौदा, पूर्ति निरीक्षक श्रीमती फरीन जहाँ, विद्युत सुरक्षा अधिकारी जयकुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और वेंडर्स उपस्थित रहे।
Source link
रामपुर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा:अधिकारियों, वेंडर्स को लंबित आवेदन निपटाने, लक्ष्य पूरा करने के निर्देश