![]()
वारंटी महिला के साथ थाने में मारपीट के आरोप में सिकंदरा थाने के चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला जज की अदालत द्वारा पुलिस की रिवीजन याचिका खारिज किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि महिला को हिरासत में रखने के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद मेडिकल रिपोर्ट में चोटें भी पाई गईं। मामला वर्ष 2018 में थाना शाहगंज में दर्ज बलवा, मारपीट और धमकी के एक केस से जुड़ा है। इस मामले में सीमा सिकरवार निवासी किरावली मोड़ रुनकता के खिलाफ वारंट जारी थे। शुक्रवार को सिकंदरा पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश किया था। महिला ने आरोप लगाया कि रुनकता चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा, दारोगा सुरजीत सिंह, महिला दारोगा नेहा और महिला सिपाही सीमा ने थाने में उसके साथ मारपीट की। अदालत के आदेश पर महिला का मेडिकल बोर्ड से दोबारा परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई। सुनवाई के दौरान महिला के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि पुलिस हिरासत में पिटाई के कारण उसे चोटें आई हैं, जो मेडिकल रिपोर्ट में दर्ज हैं। अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए सभी चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। इस आदेश के खिलाफ पुलिस ने जिला जज की अदालत में रिवीजन दायर किया था, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद अवमानना की स्थिति से बचने के लिए सिकंदरा पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
Source link
सिकंदरा थाने के चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज:हिरासत में रही महिला ने लगाए मारपीट के आरोप, कोर्ट ने खारिज की पुलिस की रिवीजन