अमेठी में अंतिम मतदाता सूची से 870 नाम गायब:ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की


अमेठी जिला प्रशासन द्वारा जारी अंतिम मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आई है। ग्राम सभा पनियार में 870 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। अनंतिम सूची में 3419 नाम थे, लेकिन अंतिम सूची में केवल 2546 मतदाता रह गए हैं। लगभग 50 परिवारों के नाम पूरी तरह से गायब हैं। नाम काटे जाने से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण आज कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एसडीएम नीतीश राज को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच और मतदाता सूची को दुरुस्त करने की मांग की है। जिला प्रशासन ने एक दिन पहले ही 16.16 लाख मतदाताओं की अंतिम सूची जारी की थी। पनियार ग्राम सभा के ग्रामीणों ने अंतिम सूची का अवलोकन करने पर पाया कि लगभग 870 मतदाताओं के नाम गायब हैं। ये सभी मतदाता जीवित हैं और वर्तमान में ग्राम सभा में ही रह रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 50 परिवारों को चिन्हित करके पूरी तरह से मतदाता सूची से हटा दिया गया है। ग्रामीण रामलोचन तिवारी ने बताया कि अनंतिम सूची में नाम ठीक थे, कुछ कमियां थीं जिन पर आपत्ति की गई थी, जिसके बाद सब सही हो गया था। लेकिन बाद में करीब 900 वोट काट दिए गए। प्रधान प्रतिनिधि प्रखर पांडेय ने इसे विपक्षियों की साजिश बताया। वहीं, ग्रामीण नीरज द्विवेदी ने प्रशासन, विपक्ष और बीएलओ की गलती की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *