![]()
फिरोजाबाद में शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ हुई। थाना उत्तर पुलिस ने मोबाइल छिनैती के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लूटे गए मोबाइल फोन, एक तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस को थाना उत्तर में दर्ज मोबाइल छिनैती के मुकदमे में वांछित आरोपी रघु उर्फ राघव और राजा के शनिदेव मंदिर के पास होने की सूचना मिली थी। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। घिरने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रघु उर्फ राघव के पैर में गोली लग गई। घायल रघु उर्फ राघव, जो नगला विष्णु, थाना लाइनपार का निवासी है, को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी राजा पुत्र राकेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मोबाइल चोरी और छिनैती के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर जानकारी ली। यह कार्रवाई जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
Source link
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, मोबाइल लुटेरा घायल:साथी गिरफ्तार, 3 मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद