- Hindi News
- Sports
- Asian Games Shooting: Manu Bhaker & Isha Singh In Pistol Events | India
4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने 20वें एशियन गेम्स के लिए भारत की राइफल और पिस्टल टीम घोषित कर दी है। इसमें 30 खिलाड़ी शामिल हैं। शॉटगन टीम पहले ही चुनी जा चुकी है।
जापान के आईची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होंगे। एशियाड के लिए जारी टीमें अगले महीने हांग्जो में होने वाले ISSF वर्ल्ड कप और अक्टूबर में काहिरा (मिस्र) वर्ल्ड कप में भी खेलेंगी।
मनु और ईशा डबल इवेंट्स में खेलेंगी; नेशनल रैंकिंग के आधार पर हुआ चयन
NRAI की लिस्ट के मुताबिक, पेरिस ओलिंपिक की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर और 2022 एशियन गेम्स की स्टार ईशा सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल दोनों इवेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। राइफल कैटेगरी में रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और विदर्शा के. विनोद भी दो-दो इवेंट्स में खेलेंगे। एनआरएआई ने बताया कि टीम का चयन हाल ही में हुए ‘नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स 4’ के बाद नेशनल रैंकिंग और चयन नीति के आधार पर किया गया है।

10 मीटर एयर राइफल में युवा खिलाड़ियों पर भरोसा; ऐश्वर्य भी शामिल
मेन्स 10 मीटर एयर राइफल में रुद्राक्ष पाटिल के साथ युवा शूटर पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों को जगह मिली है। 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में रुद्राक्ष के साथ नीरज कुमार और वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर खेलेंगे।
विमेंस 10 मीटर एयर राइफल में इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मास्कर और विदर्शा के. विनोद चुनौती पेश करेंगी। 50 मीटर 3 पोजीशन इवेंट में विदर्शा के साथ आशी चौकसे और तिलोत्तमा सेन को शामिल किया गया है।
पिस्टल में वर्ल्ड नंबर 2 सुरुचि शामिल; मिक्स्ड टीम की जोड़ियां भी तय
विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर, ईशा सिंह और वर्ल्ड नंबर 2 सुरुचि इंदर सिंह शामिल हैं। यह तिकड़ी टीम मेडल की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। 25 मीटर पिस्टल में मनु और ईशा के साथ 2018 एशियन गेम्स चैंपियन राही सरनोबत वापसी कर रही हैं। मेन्स 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में भारत की ओर से केवल अनीश भनवाला ही होंगे।
मेन्स 10 मीटर एयर पिस्टल में केदारलिंग बालकृष्ण उचगांवकर, गौरव और कमलजीत भारत की चुनौती पेश करेंगे। मिक्स्ड टीम इवेंट्स के लिए 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड में पार्थ और इलावेनिल, जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड में सुरुचि और केदारलिंग की जोड़ी मैदान में उतरेगी।
पिछली बार भारत ने रिकॉर्ड 22 मेडल जीते थे; इस बार लक्ष्य नंबर 1 बनना है
भारतीय निशानेबाजों का एशियन गेम्स में हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है। 2022 में हांग्जो एशियन गेम्स में भारतीय शूटिंग टीम ने 22 मेडल जीते थे। इनमें 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल थे। इस प्रदर्शन के दम पर भारत शूटिंग में चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा था। इस बार लक्ष्य पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़कर टॉप पर पहुंचना है।
