![]()
लखनऊ के नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल में प्रबंधन समिति को दोबारा स्कूल संचालन की जिम्मेदारी मिलने के बाद नई समस्याएं सामने आई हैं। गुरुवार को स्कूल की मैनेजर संतोष रस्तोगी ने आरोप लगाया कि विद्यालय के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब हैं। वहीं, एक सप्ताह तक खुले में पड़े रहने के कारण स्कूल के कंप्यूटर भी खराब हो गए हैं। स्कूल परिसर की सफाई के दौरान शिक्षिकाओं और मजदूरों ने पाया कि अलमारियों में रखे कई अभिलेख नहीं हैं। इसके अलावा पंखे और ब्लैकबोर्ड भी टूटे हुए मिले।
मैनेजर का कहना है कि गुरुवार को कुछ आराजक तत्व स्कूल के बाहर पहुंचे और धमकी देकर चले गए। संतोष रस्तोगी ने दस्तावेज गायब होने, स्कूल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने की शिकायत पुलिस से की है। साथ ही उन्होंने एडीएम से मुलाकात कर स्कूल के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने की मांग की है।
एडीएम कोर्ट के आदेश पर 4 जून को पुलिस की मौजूदगी में स्कूल का सामान बाहर निकाल दिया गया था और स्कूल में ताला लगा दिया गया था। इसके बाद छात्राओं और शिक्षिकाओं के विरोध प्रदर्शन के चलते प्रशासन सक्रिय हुआ। बाद में एडीएम ने अपना आदेश वापस लेकर विद्यालय का संचालन फिर से स्कूल प्रबंध समिति को सौंप दिया। शुक्रवार को शिक्षक संगठन डीएम से मिलेगा विद्यालय में कक्षा 1 से 10 तक कुल 243 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार पांडेय ने पहले ही स्कूल के फर्नीचर, अभिलेखों और अन्य आवश्यक सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा था। मामले को लेकर शिक्षक संगठन शुक्रवार को डीएम और डीआईओएस से मुलाकात करेगा।
Source link
लखनऊ- विद्या मंदिर स्कूल के दस्तावेज गायब, पुलिस से शिकायत:मैनेजर ने आराजक तत्वों पर धमकी देने का लगाया आरोप, कंप्यूटर भी हुए खराब