![]()
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के मछरी गांव में एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला है। परिजनों ने इसे पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या बताया है, जबकि मृतक के माता-पिता ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। गांव मछरी निवासी विनय कुमार का बृहस्पतिवार दोपहर अपनी पत्नी सुषमा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि इस कहासुनी के बाद विनय काफी परेशान था। शाम के समय वह घर के एक कमरे में गया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर कमरे पर पड़ी तो विनय का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, परिवार में काफी समय से तनाव था। बताया गया कि विनय के बेटे का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका वह विरोध करता था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, मृतक के माता-पिता ने इन सभी बातों को सिरे से खारिज कर दिया है। मृतक के माता-पिता का कहना है कि विनय ऐसा कदम उठाने वाला व्यक्ति नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। मृतक की मां ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है।
Source link
मेरठ में युवक का शव फंदे पर मिला:पत्नी से विवाद के बाद मौत, मां ने बहू पर लगाए आरोप