पुलिस भर्ती परीक्षा के तनाव में युवक ने सुसाइड किया:जहरीला पदार्थ खाया, फेल होने का डर सता रहा था


उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में असफल होने की आशंका से एक 24 वर्षीय युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। यह घटना गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम देवीपुरा में हुई। लालता प्रसाद के सबसे छोटे पुत्र सौरभ गंगवार (24) पिछले कुछ समय से पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने बीते सोमवार को लखीमपुर खीरी में आरक्षी भर्ती की परीक्षा दी थी। परिजनों के अनुसार, परीक्षा देकर घर लौटने के बाद सौरभ ने अपने उत्तरों का मिलान किया। इसमें उसे असफल होने की आशंका हुई, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा और पिछले कुछ दिनों से शांत व गुमसुम था।
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे, जब माता-पिता घर पर ही थे, सौरभ अचानक घर की छत पर बने टिनशेड में चला गया। वहां उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसने स्वयं परिजनों को आवाज देकर बुलाया। परिजन उसे तुरंत पीलीभीत जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद, परिजन पोस्टमार्टम की कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को सीधे घर ले आए। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि युवक द्वारा परीक्षा के तनाव में विषाक्त पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से संपर्क कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सौरभ अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *