पुलिस चौकी सहित आधा दर्जन दुकानों में लगी आग:झांसी में शार्ट सर्किट के बाद 5 घंटे तक उठती रहीं लपटें, बुझाने के दौरान झुलसा दमकलकर्मी


झांसी के उल्दन थाना क्षेत्र के बंगरा कस्बे में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में बंगरा पुलिस चौकी सहित कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग बुझाने के दौरान एक सिलेंडर फटने से एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग ने पुलिस चौकी बंगरा, भोजवाल पेंट्स, राय इलेक्ट्रॉनिक एवं मोबाइल शॉप, संजय मोबाइल रिपेयरिंग, गंगाराम स्वीट्स और शिवम स्वीट्स जैसे कई प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल शॉप के संचालक नीतेश राय ने बताया कि उनकी दुकान में 20 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी, फ्रिज, कूलर, टीवी, बैटरियां, मोबाइल और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने लगभग 40 से 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष और पेंट्स के संचालक रंजीत भोजवाल ने बताया कि उनकी दुकान, भाजपा मंडल कार्यालय और आसपास की कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं। उन्होंने अपनी दुकान में 15 से 25 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया है। उन्होंने सभी दुकानदारों के कुल नुकसान का अनुमान लगभग एक करोड़ रुपए बताया और सरकार से मुआवजे की मांग की है।संजय मोबाइल रिपेयरिंग के संचालक मनोज भोजवाल ने बताया कि आग से उनकी दुकान में रखा 5 से 10 लाख रुपये का सामान और ग्राहकों के मोबाइल नष्ट हो गए। स्वीट्स दुकान मालिक गंगाराम कुशवाहा ने करीब डेढ़ से दो लाख रुपए और शिवम स्वीट्स के संचालक शिवम गुप्ता ने 50 हजार से 1 लाख रुपए के नुकसान की जानकारी दी। रात में आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण पूरे बंगरा चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आग बुझाने के प्रयासों में शंकरलाल भोजवाल, मनोज भोजवाल, शहजाद खान उर्फ साजू, शौकत अली खान, शिवम गुप्ता, गंगाराम कुशवाहा, राहुल भोजवाल, संजय गुप्ता सहित सैकड़ों ग्रामीणों, पुलिस बल और दमकल कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *