![]()
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर देर रात कुछ वाहन सवारों ने बूम बैरियर तोड़ दिया। हूटर बजाते हुए एक दर्जन से अधिक गाड़ियां बिना टोल चुकाए निकल गईं। रोकने पर टोल कर्मियों से मारपीट की गई, जिसमें एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बुधवार रात करीब 7:45 बजे हुई। अज्ञात वाहन सवारों ने टोल प्लाजा पर आकर हूटर बजाना शुरू कर दिया। जब टोल कर्मियों ने बैरियर नहीं खोला, तो उन्होंने गाड़ियों से बूम बैरियर को तोड़ दिया और एक के बाद एक कई वाहन वहां से निकल गए। टोल कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोकने और टोल शुल्क मांगने पर वाहन सवारों ने मारपीट शुरू कर दी। खुर्जा निवासी टोलकर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। जान बचाने के लिए भागने पर आरोपियों ने करीब एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया। आरोपियों ने लोकमान सिंह को गिराकर पीटा और ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस हमले में लोकमान सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल टोलकर्मी लोकमान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Source link
ग्रेटर नोएडा टोल पर गाड़ियों ने बैरियर तोड़ा:हूटर बजाते हुए निकले वाहन, टोलकर्मी घायल अस्पताल में भर्ती