एटा में यूपी पुलिस इंस्पेक्टर की मौत:ट्रेनिंग से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, पुलिस लाइन में तैनात थे


एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर नवीन कुमार यादव की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे आसेपुर गांव के समीप हुई, जब उनकी ऑल्टो कार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल इंस्पेक्टर को तत्काल एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर संकल्पदीप और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर नवीन कुमार यादव एटा की पुलिस लाइन में तैनात थे। वह डॉ. भीम राव अंबेडकर पुलिस अकादमी से अपनी ट्रेनिंग पूरी कर एटा लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। मिरहची थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक इंस्पेक्टर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *