पेंटर की मौत मामले में दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा:पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पिता ने दी तहरीर, मकान से सीसीटीवी का DVR गायब


वाराणसी के लंका थानाक्षेत्र के नगवा इलाके में आदित्य नारायण सिंह के मकान में पेंटर सोनू यादव की मंगलवार को लाश मिली थी। उसके हाथ में .32 बोर की पिस्टल थी और सीने पर गोली का निशान था। वह पिछले 10 दिनों से वहां पेंटिंग का काम कर रहा था। इस मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पिता ने हत्या की तहरीर दी है। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। बता दें की इस रिहायशी मकान में अवैध रूप से हास्टल चलाया जा रहा था। वहीं पुलिस को मौके से सीसीटीवी का DVR नदारद मिला है। इसपर पुलिस अलग से जांच कर रही है। दर्ज की गयी हत्या की FIR इस संबंध में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया – आदित्य नारायण सिंह के मकान में सोनू यादव का शव मिला था। इस प्रकरण में सोनू के पिता बाबूलाल यादव ने तहरीर देकर बताया है कि उनका बेटा 10 दिन से वहां पेंटर का काम कर रहा था। मेरे बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है क्योंकि जिस जगह उसका शव मिला वहां खून की छीटें भी नहीं मिलीं हैं। इसके अलावा डीवीआर भी सीसीटीवी का गायब है। उनकी तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके आलावा हास्टल में रहे बीएचयू के छात्रों से भी पूछताछ की गयी है। अब जानिए क्या था मामला टिकरी गांव निवासी बाबूलाल यादव के पुत्र सोनू यादव पिछले करीब दस दिनों से नगवां क्षेत्र में स्थित एक मकान में रंगाई-पुताई का काम कर रहे थे। मंगलवार सुबह वह घर से काम पर निकले थे। दोपहर करीब दो बजे मकान में किराए पर रहने वाले एक शोध छात्र के पहुंचने पर सोनू यादव बाथरूम के पास लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। उनके सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी तथा बाएं हाथ के पास एक पिस्टल भी बरामद हुई। सूचना मिलने पर लंका पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने अवैध पिस्टल को कब्जे में लेते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई थी कि साफ-सफाई या हैंडलिंग के दौरान गोली चलने से यह घटना हुई हो सकती है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं परिजनों ने देर शाम मूड़ादेव में सोनू का दाह संस्कार कर दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *