हाथरस में विवाहिता ने ससुरालियों पर दर्ज कराया मुकदमा:पति पर मारपीट, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप


हाथरस जिले के सहपऊ कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ महिला थाने में गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विवाहिता की शादी मथुरा निवासी एक युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे जान से मारने तथा घर से निकालने की धमकी दी जाती थी। विवाहिता ने अपनी सास, ससुर, ननद और देवर पर भी पति का साथ देने तथा उत्पीड़न में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे संतान न होने का ताना देते थे और घर छोड़कर जाने का दबाव बनाते थे। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। शिकायत में महिला ने अपने ननदोई पर भी छेड़छाड़ करने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उसने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग करने और मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि लगातार प्रताड़ना और जान का खतरा महसूस होने पर वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने मायके पहुंची और पुलिस से शिकायत की। महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *