![]()
लखनऊ भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति एक बड़ी चुनौती बन गया है। लगातार बिजली का संकट गहराता जा रहा है। बार-बार होने वाली कटौती और तकनीकी खराबियों से लोग परेशान हो चुके हैं। देर रात शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रही। कुर्सी रोड स्थित सृष्टि उपकेंद्र के तहत आने वाले गुड़म्बा, जानकीपुरम गार्डेन और निर्मल होम्स जैसे बड़े इलाकों में रात 9 बजे से ही बिजली की आवाजाही शुरू हो गई जो देर रात तक जारी रही। टोल फ्री नंबर 1912 और उपकेंद्र पर शिकायत करने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो रात करीब 12:30 बजे गुस्साई भीड़ सृष्टि उपकेंद्र पहुंच गई। लोगों ने वहां विरोध और हंगामा किया। लोगों के विरोध और नाराजगी के बाद रात 2:30 बजे बिजली बहाल हो सकी। अधिशासी अभियंता अरुण कुमार भारती के मुताबिक, यह समस्या 33 केवी लाइन में आए फॉल्ट के कारण हुई थी। इसके अलावा न्यू कैंपस उपकेंद्र के मुस्लिम नगर और कोटवा में भी लोग बिजली की ट्रिपिंग से पूरी रात परेशान रहे। आलमबाग के आजाद नगर और तिवारीगंज की नई बस्ती में शॉर्ट सर्किट से केबल जलने के कारण घंटों अंधेरा छाया रहा। बिजली न आने से लोग सो नहीं सकें। वहीं विकासनगर, कल्याणपुर, अलीगंज, महानगर, फैजुल्लागंज, दाउद नगर, खदरा, त्रिवेणीनगर व राजाजीपुरम सहित कई इलाकों में बिजली की आवाजाही बनी रहे। पीजीआई के एकता नगर में पानी प्लांट के पास शाम को ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे देर रात तक बड़े इलाके में अंधेरा छाया रहा। रायबरेली रोड स्थित बंगाली टोला में बिजली का खंभा गिर गया। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र पर फोनकर बिजली बंद कराई। निलमथा विजयनगर के यूनियन बैंक के पास रात 12.30 बजे बिजली के खंभे में आग लग गई। इससे डेढ़ घंटे इलाके में अंधेरा रहा। बीकेटी के साढ़ामऊ उपकेंद्र के अंतर्गत मंगलवार रात आई आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभों और तारों पर पेड़ गिर गए। इसके चलते भैंसामऊ, भवानीपुर और बिकामऊ समेत दर्जनों गांवों में अगले दिन देर शाम तक बिजली की आपूर्ति ठप रही, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ा। भीषण गर्मी में सबसे बड़ी समस्या यह हो रही है कि बिजली जैसे ही बाधित होती है लोगों को पानी भी नहीं मिलता।
Source link
लखनऊ में बिजली संकट से लोग परेशान:मुस्लिम नगर में बिजली ट्रिपिंग से रात भर परेशान रहे लोग, पीजीआई में ट्रांसफार्मर हुआ क्षतिग्रस्त बिजली के साथ पानी को तरसे लोग