![]()
रायबरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत, अधिकारियों को मलिन बस्तियों में देर शाम से रात तक कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करना है। इसी क्रम में, रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक ने शहर के अहिया रायपुर कस्बे स्थित एक मलिन बस्ती का दौरा किया। उन्होंने वहां कैंप लगाकर स्थानीय निवासियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 लोगों से मुलाकात की गई। सामने आई मुख्य समस्याओं में बिजली की आपूर्ति, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित मुद्दे और एक छोटी सड़क के निर्माण की मांग शामिल थी।
सभी समस्याओं को सूचीबद्ध कर लिया गया है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मलिन बस्तियों का पैदल निरीक्षण भी किया। उन्होंने साफ-सफाई की स्थिति पर ध्यान देते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए। भविष्य में नालियों और नालों की साप्ताहिक सफाई के लिए सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया। इस पूरे कार्यक्रम में अपर जिला प्रशासन सिद्धार्थ वर्मा, विद्युत विभाग के अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार सहित जिले के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम लगभग दो घंटे तक चला।
Source link
मलिन बस्ती में पहुंचीं डीएम, सुनीं लोगों की समस्याएं:रायबरेली में देर शाम लगाए गए कैंप में बिजली, पेंशन और आवास से जुड़ी शिकायतें आईं सामने