![]()
बलरामपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहा एक युवक निर्माणाधीन पुलिया के पास 12 फीट गहरे गड्ढे में बाइक समेत गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और सुरक्षा इंतजाम शुरू किए। घटना मंगलवार रात बलरामपुर के बेलहा गांव के पास हुई। सिद्धार्थनगर जिले के इटवा क्षेत्र के मझौवा गांव निवासी शुभांकर सिंह (22) बुधवार को गोंडा में होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। वह मंगलवार शाम अपने ननिहाल, बलरामपुर के गंगापुर-शेखरपुर गांव जा रहे थे, ताकि रात रुककर अगली सुबह परीक्षा देने निकल सकें। रात करीब दस बजे जब शुभांकर बेलहा गांव के पास पहुंचे, तो निर्माणाधीन पुलिया के आगे खोदी गई सड़क पर कोई चेतावनी बोर्ड, डायवर्जन या बैरिकेडिंग नहीं थी। अंधेरे के कारण रास्ते का अंदाजा न लगने से उनकी बाइक बेकाबू हो गई और वह सीधे 12 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शुभांकर गंभीर चोटों के कारण बेहोश पड़े थे। उनकी जेब से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों से संपर्क किया और घायल युवक को संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुभांकर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। इस घटना के बाद बेलहा गांव के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।
Source link
पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहा युवक गड्ढे में गिरा:गंभीर रूप से हुआ घायल, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवाया