यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न, 13,203 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित:बुलंदशहर के 20 केंद्रों पर तीन दिन चली लिखित परीक्षा


बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही नागरिक पुलिस सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले के 20 केंद्रों पर तीन दिनों तक चली इस परीक्षा में कुल 48,996 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 13,203 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। बायोमेट्रिक मिलान, जैमर, सघन चेकिंग और थंब इंप्रेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा। परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली पहली पाली में 8,160 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,184 अनुपस्थित रहे, जबकि 5,974 उपस्थित हुए। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई दूसरी पाली में भी 8,160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,057 अनुपस्थित रहे और 6,103 ने परीक्षा दी। अंतिम दिन कुल 4,241 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) विनय कुमार ने बताया कि तीन दिनों की छह पालियों में कुल 48,996 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,203 ने परीक्षा छोड़ दी और कुल 35,793 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार जिले में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई है। परीक्षा एजेंसी द्वारा पूरा डेटा एकत्र कर बोर्ड को भेजा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *