![]()
उन्नाव के नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार दोपहर जैतीपुर रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर दौड़ रही एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि बाइक चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सामान्य गति से सड़क पर चल रही थी। तभी अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक में आग लग गई और लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण चालक को तुरंत बाइक रोककर नीचे उतरना पड़ा। आसपास का यातायात हुआ प्रभावित स्थानीय लोगों ने आग लगने का संभावित कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट बताया है। आशंका है कि बैटरी से निकली चिंगारी ने पेट्रोल और अन्य ज्वलनशील हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कुछ ही सेकंड में पूरी बाइक जलने लगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के समय सड़क पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य राहगीरों को सतर्क किया। कुछ लोगों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक लपटें काफी विकराल हो चुकी थीं। आग और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे कुछ समय के लिए आसपास का यातायात भी प्रभावित हुआ। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग बुझने के बाद वाहन केवल लोहे के ढांचे में तब्दील नजर आया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक इस विषय पर चर्चा होती रही। इस घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाइक को पूरी तरह जलते हुए देखा जा सकता है।
Source link
उन्नाव में चलती बाइक में लगी आग, VIDEO:अचानक निकलने लगा गाड़ी से धुआं, चालक ने कूदकर बचाई जान