कानपुर में धूप से बचने के लिए मुंह ढककर जाते मेडिकल छात्र व छात्राएं।
कानपुर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
.
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान में वृद्धि के कारण उमस और गर्मी का असर भी अधिक महसूस किया गया।
गर्मी से बचाव के लिए लोग सिर पर गमछा, टोपी या कपड़ा रखकर घरों से निकलते नजर आए। कई लोगों ने मुंह ढककर धूप और लू से बचने का प्रयास किया। वहीं, शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से राहगीरों के लिए शर्बत और ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि 13 और 14 जून को आंधी और बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

सूरज के सख्त तेवर ने किया परेशान।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
सीएसए की मौसम वेधशाला के अनुसार अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। जून महीने में अब तक का यह सबसे अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान है।
सड़कों पर कम दिखे लोग
दोपहर के समय प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। जरूरी काम से बाहर निकले लोग धूप से बचने के लिए छाता, गमछा और चेहरे पर कपड़ा बांधकर चलते नजर आए। सामाजिक संगठनों ने भी जगह-जगह शर्बत और पेयजल वितरण कर राहगीरों को राहत देने का प्रयास किया।
अगले 72 घंटे तक राहत नहीं
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 72 घंटे तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान तापमान ऊंचे स्तर पर बना रह सकता है। लू भीू चलेगी। मौसम विभाग ने 13 और 14 जून को आंधी और बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिनों मौसम में बदलाव होने पर तापमान में कुछ गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।


