![]()
ललितपुर के कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम करगन में रामअवतार यादव की हत्या के मामले में परिजनों का प्रदर्शन जारी है। परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार रात 11 बजे तक घंटाघर मैदान में धरने पर बैठे थे। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने पहुंचे, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। धरने पर बैठे परिजनों ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 की रात रामअवतार यादव एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ग्राम करगन के पास नाले के निकट पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर डंडों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में रामअवतार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोडक़र आरोपी फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, अगले दिन रामअवतार घायल अवस्था में मिले, जिन्हें पहले जिला अस्पताल, फिर झांसी और बाद में ग्वालियर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पुन: झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 24 अप्रैल को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के पिता सरवर सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि घटना के संबंध में कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन एफआईआर में नामजद मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों का आरोप है कि फरार आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही वे गवाहों को प्रभावित करने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए सीओ सिटी सुनील भारद्वाज रात 8 बजे शहर कोतवाल अनुराग अवस्थी के साथ पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
Source link
ललितपुर में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन जारी:परिजन रात 11 बजे तक घंटाघर मैदान में धरने पर बैठे रहे, पुलिस मनाने पहुंची