कार्रवाई न होने से नाराज युवक,थाने में आत्मदाह का प्रयास:मेरठ में पीड़ित ने खुद पर छिड़का तेल, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बचाया


मेरठ के हस्तिनापुर में एक युवक ने कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज होकर थाने में आत्मदाह का प्रयास किया। डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप ने मंगलवार शाम अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया और शांत कराया। कुलदीप ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया था। उसने घटना के बाद पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। युवक का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी बात से नाराज होकर वह थाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुलदीप अपने साथ तेल से भरी बोतल लेकर थाने आया था। उसने कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और अपने ऊपर तेल छिड़क लिया। इसके बाद उसने माचिस जलाकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और आग लगाने से रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाया और उसकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान सीओ पंकज लवानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हस्तिनापुर निवासी कुलदीप के साथ हुई मारपीट मामला को लेकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। और आरोपीयों कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से तलाश शुरू कर दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *