कुशीनगर में व्यक्ति का शव मिला, परिजनों ने किया चक्काजाम:हत्या की आशंका जताई, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग


कुशीनगर के पडरौना कोतवाली क्षेत्र में 45 वर्षीय राजकुमार कुशवाहा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार शाम उनका शव त्रिलोकपुर मार्ग के किनारे एक गड्ढे में मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने पडरौना-जटहा मुख्य मार्ग पर खिरकिया पुल के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पडरौना कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। आश्वासन के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए खिरकिया घाट ले जाया गया। चक्काजाम समाप्त होने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। मृतक के चाचा तुफानी कुशवाहा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना सुनियोजित प्रतीत होती है और मामले की गहन जांच होनी चाहिए। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक का बिसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *