![]()
उन्नाव के गंगाघाट नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे के विरुद्ध भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। लोकायुक्त के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम इस मामले की पड़ताल करेगी। यह टीम 17 मार्च को गंगाघाट पहुंचकर मौके का मुआयना करेगी और संबंधित अभिलेखों की जांच करेगी। जांच टीम में हरदोई के अधिकारी शामिल हैं। जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार को मुख्य जांच अधिकारी बनाया गया है। तकनीकी मामलों की पड़ताल के लिए ग्रामीण विकास अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार पाल को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि वित्तीय अनियमितताओं की जांच वरिष्ठ कोषाधिकारी अनुराग पांडे करेंगे। यह टीम मौके पर कराए गए विकास कार्यों की स्थिति, भुगतान से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहनता से जांच करेगी। नगर पालिका में हुए विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए लोकायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर यह जांच आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है कि कौमुदी पांडे निर्दलीय गंगाघाट नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जीतने के बाद काफी चर्चा में रही थीं। उन्होंने भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को हराकर यह पद हासिल किया था। हालांकि, अध्यक्ष बनने के बाद से ही उन पर समय-समय पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। लोकायुक्त के निर्देश पर गठित इस जांच टीम की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Source link
गंगाघाट पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे के खिलाफ भ्रष्टाचार जांच शुरू:हरदोई में लोकायुक्त के निर्देश पर 17 मार्च को पहुंचेगी जांच टीम