![]()
बिजनौर के धामपुर क्षेत्र में सोमवार को एक प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला सामने आया। अपने प्रेमी से शादी की इच्छा लेकर एक युवती सीधे उसके घर पहुंच गई और विवाह की जिद पर अड़ गई। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो मामला थाने तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, प्रेमी और उसके परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही। इसके बाद युवक के परिजन युवती को लेकर धामपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी मौके पर बुलाया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। थाने में दोनों परिवारों और पुलिस की मौजूदगी में युवती को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने प्रेमी से ही शादी करने की बात दोहराई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक के परिजनों और गांव के बुजुर्गों ने दोनों का विवाह कराने का निर्णय लिया। युवती के परिजन भी इस प्रस्ताव पर सहमत हो गए। सहमति बनने के बाद दोनों को पास स्थित पंजाबी कॉलोनी के शिव मंदिर ले जाया गया, जहां विधि-विधान से उनका विवाह संपन्न कराया गया। युवक और युवती ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई तथा मंदिर के पुजारी से आशीर्वाद लिया। शादी के बाद युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई। बताया गया कि धामपुर थाना क्षेत्र के बमनोली निवासी चंद्रभान सिंह और बसेड़ा कुंवर गांव की हिमानी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। युवक के पिता दारा सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे हैं और कोई बेटी नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार इस शादी से खुश है और नवदंपति को अपना आशीर्वाद दिया है।
Source link
प्रेमी के घर पहुंची युवती, शादी की जिद पर अड़ी:बिजनौर में थाने में परिजनों की बनी सहमति, शिव मंदिर में लिए शादी के फेरे