![]()
बाराबंकी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर देर रात दो ट्रकों में भिंड़त हो गई। चौबीसी के पास हाईवे पर खड़े भूसी लदे ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई। हादसे में एक ड्राइवर की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग फैल गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक मनोज कुमार को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहीं आग की चपेट में आने से दूसरे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
बाराबंकी हाईवे पर दो ट्रकों में भिड़ंत से लगी आग:एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत, दूसरा गंभीर; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू